छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर
दिक्षोत्सव–2025 के अंतर्गत शोध लेखन पर विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन
कानपुर, 13 सितम्बर 2025 – छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज द्वारा दिक्षोत्सव–2025 (40वें दीक्षांत सप्ताह) के अंतर्गत “द साइंस ऑफ राइटिंग अ गुड रिसर्च आर्टिकल” विषय पर एक विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन एसबीएस मिनी ऑडिटोरियम में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक रहे। विशिष्ट वक्ता के रूप में प्रो. कांतेश बलानी, प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष, सामग्री विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग, आईआईटी कानपुर ने व्याख्यान प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत संबोधन से हुआ, तत्पश्चात उपनिदेशक डॉ. अंजु दीक्षित ने मुख्य अतिथि एवं वक्ता का अभिनंदन किया। अपने व्याख्यान में प्रो. बलानी ने शोध लेखन की संरचना, मौलिकता, नैतिक मानकों तथा स्पष्टता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाले शोध लेख तैयार करने की आवश्यक विधियों एवं व्यवहारिक सुझावों को साझा करते हुए युवाओं को शैक्षणिक लेखन की बारीकियों से अवगत कराया। साथ ही, उन्होंने शोध प्रकाशन के उभरते रुझानों पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर डॉ. नमिता तिवारी, डीन, अनुसंधान एवं विकास (CSJMU), तथा स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज के संकाय सदस्य, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
व्याख्यान के पश्चात आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से अपने प्रश्न रखे और विशेषज्ञ से मार्गदर्शन प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन डॉ. अंजु दीक्षित द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करने के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने माननीय कुलपति, विशिष्ट वक्ता, आयोजकों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
