#कानपुर समाचार
*कर्नलगंज थाना क्षेत्र में दबंगों का आतंक, युवक पर जानलेवा हमला*
कानपुर नगर। कर्नलगंज थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्हें अब पुलिस का भी कोई खौफ नहीं रह गया है। सोमवार रात जिम से घर लौट रहे एक युवक को दबंगों ने बीच सड़क पर घातक हथियारों से हमला कर मरणासन्न कर दिया। यह घटना बेनाझाबर पुलिस चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पीड़ित प्रत्यूष गुप्ता ने बताया कि जैसे ही वह जिम से घर की ओर लौट रहे थे, तभी दूरसंचार केंद्र के पास अचानक मनोज पाल, रिशु सोनकर, मन्नू सोनकर सहित 4–5 अज्ञात युवक आ धमके और बिना कुछ कहे-सुने उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने घातक वस्तुओं से वार कर प्रत्यूष को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उनके सिर पर गहरी चोट लगी और हाथ-पैरों में भी गंभीर चोटें आईं। सिर से अत्यधिक खून बहने के कारण वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
हमलावर यह समझकर कि प्रत्यूष की मौत हो चुकी है, मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में घायल प्रत्यूष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
इस घटना से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के पास इस तरह की वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
कर्नलगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
