कानपुर के सुजातगंज से एक लोमहर्षक घटना सामने आयी है. रेलबाजार थानाक्षेत्र में आने वाले सुजातगंज कुछ घंटों के अंतराल में जुड़वां मासूम बच्चों की मौत हो गई. ससुराल वालों ने महिला पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है, जबकि महिला का कहना है कि जब वह मायके से आयी थी, तब ही उसके बेटे की मौत हो गई थी. उधर, मासूम बच्चे की हत्या की चर्चाओं से हड़कंप मच गया. मौके पर रेलबाजार पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरा सच सामने आ जाएगा.
सुजातगंज नई बस्ती में रहने वाले मोहसिन की पत्नी सना परवीन ने करीब 22 दिन पहले जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था. परिवारीजनों के मुताबिक, दोनों बच्चों की किदवईनगर स्थित अस्पताल में प्री मेच्योर डिलीवरी हुई थी. इन दोनों बच्चों का इलाज भी चल रहा था. इस बीच, सोमवार सुबह जुड़़वा बच्चों मेें से बेटी की मौत हो गई. सना परवीन का कहना है कि बेटी की मौत के बाद वह अपने मायके चली गई थीं. उसका बेटा ससुराल में दादी के पास ही था. दोपहर में जब वह वापस आयी तो बेटे की सांस नहीं चल रही थी. बताया जाता है कि इसको लेकर उसने जब ससुरालीजनों से बातचीत की तो विवाद हो गया. मायके और ससुरालीजनों के बीच विवाद बढ़ गया. ससुराल वालों का आरोप है कि सना ने ही अपने बेटे की हत्या की है.
जबकि सना का कहना है कि जब वह आयी थी तब उसके बेटे की मौत हो चुकी थी. इस बीच, आसपड़ोस में चर्चा फैल गई कि महिला ने अपने बेटे की हत्या की है. इस सूचना पर रेलबाजार की सुजातगंज चौकी से पहुंची पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की. पुलिस ने मामले की जांच के लिए मासूम के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम में पता चलेगा कि मासूम की मौत अपने आप हुई है या फिर उसकी हत्या की गई है.

2021-09-13
