फेसबुक के जरिए सात फेरों में बंधा एक रिश्ता टूटने की कगार पर

कानपुर। फेसबुक के जरिए सात फेरों में बंधा एक रिश्ता टूटने की कगार पर है। महिला थाने में युवती ने अपने पति व सास पर दहेज के लिए उत्पीडऩ, मारपीट करने और कोल्डरिंक में दवा मिलाकर गर्भपात कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपों की जांच में जुटी है। युवती के फेसबुक पेज की पुरानी चैट व अन्य रिकार्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

नौबस्ता निवासी युवती ने बताया कि वर्ष 2018 में फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती नवाबगंज निवासी युवक से हुई थी। इसके बाद युवक से बातचीत होने लगी। युवक अक्सर उससे मिलने आता था और एक दिन प्रेम का इजहार करते हुए शादी करने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद घरवालों को बताए बगैर एक दिसंबर 2018 को दोनों ने आर्यसमाज से शादी कर ली और उपनिबंधक कार्यालय में विवाह पंजीकृत करा लिया। आरोप है कि इसके बाद युवक ने शारीरिक संबंध बनाने शुरू कर दिए। इससे युवती गर्भवती हो गई। 28 जुलाई 2019 को युवक ने युवती को अपने घर ले जाकर मां से मिलवाया। आरोप है कि वहां सास ने गर्भपात कराने के लिए कहा। न मानने पर कोल्डरिंक में कोई दवा मिलाकर पिला दी, इससे गर्भपात हो गया। विरोध पर सास ने सामाजिक रीति से शादी कराने का भरोसा दिलाया।

नवंबर 2020 में रीति रिवाज से युवती ने आरोपित से शादी कर ली। आरोप है कि इसके बाद सास ने दहेज में स्कार्पियो कार की मांग शुरू कर दी। विरोध पर पति ने भी मारपीट शुरू कर दी और तलाक देने की धमकी देने लगा। दो अगस्त को मायकेवालों ने आकर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन नहीं माने और बेइज्जत करके उसे भी घर से निकाल दिया। इसके बाद पीडि़ता ने मायकेवालों को जानकारी दी और पुलिस से गुहार लगाई। एडीसीपी साउथ डा. अनिल कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *