कानपुर
मासूम के साथ हैवानियत: 5 साल की बच्ची से रेप, बाथरूम में खून से लथपथ मिली मासूम
घाटमपुर में वारदात के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश, फोरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
कानपुर के घाटमपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। शनिवार सुबह बच्ची बाथरूम में बेहोश और खून से लथपथ हालत में मिली। आरोपी युवक वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। मासूम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
*मासूम चारपाई पर सो रही थी, सुबह बाथरूम में मिली बेहोश*
परिजनों के अनुसार, बच्ची रात में घर के बाहर चारपाई पर परिवार के साथ सो रही थी। शनिवार सुबह जब मां बाथरूम गई, तो उन्होंने अपनी बेटी को वहां बेसुध और खून से सना हुआ पाया। मां के शोर मचाने पर पड़ोसी जमा हो गए। परिजन तुरंत बच्ची को घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।
*पुलिस और फोरेंसिक टीम सक्रिय, संदिग्ध हिरासत में*
घटना की सूचना मिलते ही घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव और इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य एकत्र किए, ताकि आरोपी तक पहुंचने में मदद मिल सके।
