कानपुर नगर, दिनांक 15 सितम्बर, 2021(सू0वि0)
अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री अतुल कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु की बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक में फजलगंज चौराहे से मुडने हेतु स्लिप रोड तक जाने के लिये पॅहुच मार्ग के बीच में सडक के बिजली के खम्भों व ट्रान्सफामर को हटाये जाने तथा फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र में जे0के0 जूट मिल से बैंक ऑफ बडौदा चौराहे तक सडक के मध्य स्थापित विद्युत पोलो की शिफटिंग कराये जाने हेतु नगर निगम, पी0डब्लू0डी0, केस्को, पुलिस, उपायुक्त उद्योग के प्रतिनिधि एवं औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधि को शामिल करते हुये एक कमेटी गठित करके संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर कार्यो को कराये जाने के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने दादानगर से विजय नगर को आने वालेे पुल की सर्विस लेन के चौडीकरण व रिटेनिंग बाल का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर अवशेष कार्य नाले पर पुल बनाने के कार्य को माहवार कार्य योजना बनाकर प्रत्येक दशा में माह दिसम्बर, 2021 तक पूर्ण कराये जाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिये।
उन्होंने जरीब चौकी से विजय नगर के मध्य रोड के दोनो ओर अतिक्रमण की समस्या का निस्तारण किये जाने के लिये पी0डब्लू0डी0 के अधिकारियों को अतिक्रमण करने वालो के विरुद्ध पी0पी0एक्ट के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज कराकर कडी कार्यवाही कियेे जाने के निर्देश दिये साथ ही अतिक्रमण को हटाये जाने हेतु टीम बनाकर कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने जरीब चौकी से विजय नगर तक रोड के दोनो तरफ मिट्टी व डस्ट के लगे अम्बार को हटाने व इण्टर लाकिंक के लिये नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया। फजलगंज चौराहे पर चारो ओर यातायात को सुगंम बनाने के लिये आईलैण्ड को छोटा किये जाने के संबंध में लोक निर्माण विभाग को कार्य कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने दादानगर मुख्य मार्ग से नमक फैक्ट्री चौराहा, डबलपुलिया से विजय नगर व दादानगर चौराहा होते हुये लोहिया चौराहा बाईपास के सडक क चौडीकरण व छोटी-छोटी नालियों को जोडकर बडे नाले में जोडने के कार्य को संबंधित ठेकेदार को अवशेष कार्य पूर्ण किये जाने पर लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता को ठेकेदार के विरुद्ध कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये।
उन्होंने दादानगर मुख्य मार्ग मलिक पेट्रोल पम्प के पास अतिक्रमण हटाकर रोड को स्लिप रोड बनाये जाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिये। उन्होंने पनकी औद्योगिक क्षेत्र एक से पॉच तक में नगर निगम द्वारा लगाई गयी लाइटों को सुचारु रुप से जलाने व बुझाने तथा स्वीच वोर्ड लगाने हेतु नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को इस्पात नगर व पनकी में फुटपाथ पर अतिक्रमण की समस्या को एक सप्ताह के अन्दर अतिक्रमण हटाकर समस्या का निस्तारण किये जाने के निर्देश दिये।
बैठक में उपायुक्त उद्योग श्री सुधीर कुमार श्रीवास्तव, श्री एस0पी0 यादव सहायक आयुक्त उद्योग, उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि व उद्यमी सर्वश्री उमंग अग्रवाल, शिवकुमार गुप्ता, ज्ञानेन्द्र अवस्थी, शेष नारायण त्रिवेदी, सुनील गुप्ता आदि उद्यमीगण उपस्थित रहे।

2021-09-15
