कानपुर में निर्माणाधीन मकान में मिला सड़ा-गला शव।
कानपुर के चकेरी इलाके के सनिगवां में एक बंद पड़े निर्माणाधीन मकान में कई दिन पुराना सडा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। मकान मालिक का बेटा जब सफाई करने पहुंचा तो तेज दुर्गंध आने पर उसे शक हुआ। ऊपर जाकर देखने पर शव पड़ा मिला, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
मकान मालिक के बेटे मानपाल सिंह ने बताया कि वे छोटी दीपावली पर पूजा करने आए थे, तब ऐसा कुछ नहीं था। सोमवार को जब वह सफाई के लिए पहुंचे तो दुर्गंध आने पर ऊपर गए, जहां शव पड़ा था। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के कोई सुराग नहीं मिले हैं। एसीपी चकेरी अभिषेक पाण्डेय ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला है कि 18-19 अक्टूबर के करीब एक विक्षिप्त व्यक्ति को इलाके में नग्न अवस्था में घूमते देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि यह शव उसी व्यक्ति का हो सकता है।
फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सकेगा और आगे की जांच की जाएगी।
