डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक,
ससमय गणना प्रपत्र जमा करने में मांगा सहयोग
निर्धारित तिथि तक प्रपत्र न देने वाले मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं आ पाएंगे
कानपुर नगर,जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत वितरित गणना प्रपत्रों की शत-प्रतिशत समयबद्ध वापसी में सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर निर्धारित है और अब केवल सात दिन शेष रह गए हैं, जबकि अभी भी बड़ी संख्या में मतदाताओं द्वारा अपने गणना प्रपत्र बीएलओ को वापस नहीं किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें और समय रहते अपना गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से जमा करें। अंतिम समय में अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से बचाव के लिए अभी से प्रपत्र लौटाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र 4 दिसंबर तक जमा होंगे, उन्हीं के नाम मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल में शामिल किए जाएंगे। निर्धारित तिथि तक प्रपत्र जमा न करने वाले मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हो सकेंगे।बैठक में भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस, सीपीआई (एम) सहित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया कि वे बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक कर अधिकतम संख्या में गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा करा कर प्रशासन को सहयोग प्रदान करें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ विवेक चतुर्वेदी, ईआरओ तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपना स्पष्टीकरण निर्धारित तिथि तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। संतोषजनक उत्तर न मिलने की स्थिति में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में लगे अन्य सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी गई है कि वे अपने दायित्वों का समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
