कानपुर

 

इंटीरियर का काम कराने के नाम पर वृद्ध दंपती से 10 लाख ठगने वाला इनामिया अभियुक्त गिरफ्तार

 

कानपुर नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए इंटीरियर का काम कराने के नाम पर वृद्ध दंपती से 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले वांछित और 10 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त मुस्तसिर राजा पुत्र मुस्तफा निवासी कल्याणपुर को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत था और वह घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

 

पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने अपने साथी के साथ मिलकर वृद्ध दंपती से इंटीरियर का काम करने का झांसा दिया था। काम अधूरा छोड़ने और बार-बार पैसे मांगने को लेकर विवाद बढ़ा और दोनों ने दंपती के साथ अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की। पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन इसके बाद अभियुक्त गायब हो गया था।

 

पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में लगी थी। तकनीकी निगरानी और लगातार दबिशों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि अभियुक्त आउट ब्लॉक सिटी क्लिनिक के पास छिपा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।अभियुक्त को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि उससे ठगी से जुड़ी और जानकारियाँ मिलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *