दिनांक– 16.12.2025

*कानपुर मेट्रोः कॉरिडोर–1 के बारादेवी से नौबस्ता तक एलिवेटेड सेक्शन के 5 स्टेशनों पर सभी 15 एस्केलेटर किए गए इंस्टॉल*

 

*ऊर्जा दक्ष एस्केलेटर और लिफ्ट ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत देश में निर्मित*

 

*प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने किया निर्माणाधीन स्टेशनों का निरीक्षण*

 

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर–1 (आईआईटी–नौबस्ता) के अंतर्गत तीसरे चरण में मेट्रो सेवा को कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक विस्तारित करने की दिशा में कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसी क्रम में बारादेवी से नौबस्ता तक के पांच एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों—बारादेवी, किदवई नगर, बसंत विहार, बौद्ध नगर एवं नौबस्ता—पर कुल 15 एस्केलेटर इंस्टॉल करने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इन सभी स्टेशनों पर प्रवेश द्वार से कॉनकोर्स तथा कॉनकोर्स से प्लेटफॉर्म तक आवागमन के लिए प्रत्येक स्टेशन पर तीन-तीन एस्केलेटर लगाए गए हैं। इसके साथ ही, इन स्टेशनों पर प्रस्तावित 20 में से 16 लिफ्टों का इंस्टॉलेशन भी पूरा हो चुका है।

 

कॉरिडोर–1 के बैलेंस सेक्शन (कानपुर सेंट्रल – नौबस्ता) के अंतर्गत आने वाले दो अंडरग्राउंड स्टेशन; झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन में भी सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन दोनों स्टेशनों पर कुल 8 में से 7 एस्केलेटर इंस्टॉल किए जा चुके हैं।

 

*पर्यावरण हितैषी एस्केलेटर ‘मेक इन इंडिया’ के तहत निर्मित*

 

उल्लेखनीय है कि कानपुर मेट्रो परियोजना में लगाए जा रहे सभी एस्केलेटर और लिफ्ट ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के अंतर्गत चेन्नई में निर्मित हैं। ये ऊर्जा दक्ष स्मार्ट एस्केलेटर निर्धारित समय तक उपयोग न होने पर स्वतः बंद हो जाते हैं, जिससे ऊर्जा संरक्षण सुनिश्चित होता है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए इनमें आपातकालीन स्थिति में तुरंत रोकने हेतु तीन इमरजेंसी स्टॉप बटन की सुविधा दी गई है। साथ ही, ऑटोमेटिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षा संबंधी निर्देश भी दिए जाते हैं। मेट्रो की लिफ्ट में रीजेनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक का प्रयोग किया गया है, जिससे ऊर्जा की बचत होती है।

 

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने निदेशक/रोलिंग स्टॉक एंड सिस्टम श्री नवीन कुमार, निदेशक/वर्क्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर श्री सी. पी. सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आज कॉरिडोर–1 एवं कॉरिडोर–2 के निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशनों का मुआयना किया और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, “कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवाओं के विस्तार के लिए कानपुर मेट्रो की पूरी टीम पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। समयबद्ध लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सिविल निर्माण के साथ-साथ सिस्टम इंस्टॉलेशन कार्य समानांतर रूप से किए जा रहे हैं। ‘मेक इन इंडिया’ के तहत देश में निर्मित लिफ्ट और एस्केलेटर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और ऊर्जा दक्ष सुविधाएं प्रदान करेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *