#कानपुर नगर
*कानपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन टॉर्च’ जारी, बाहरी लोगों की जांच को लेकर सख्त निर्देश*
कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन टॉर्च’ के तहत कानपुर में भी व्यापक छापेमारी और सत्यापन का दौर जारी है। इस कार्यवाही की कमान संभालते हुए ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (लॉ एंड ऑर्डर) आशुतोष कुमार ने सभी एसीपी (असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस) स्तर के अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
ज्वाइंट सीपी आशुतोष कुमार ने मीडिया को बताया कि उन्होंने नगर के सभी एसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान को व्यापक रूप से और सक्रियता से चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा, *”यदि कार्यवाही के दौरान कोई संदिग्ध या बाहरी व्यक्ति मिलता है, तो तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए और उस व्यक्ति का पूरा सत्यापन अवश्य करवाया जाए।”*
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू किए गए इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य में रह रहे अवैध प्रवासियों की पहचान करना और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। कानपुर में यह ऑपरेशन अधिकतर रात के समय चलाया जा रहा है, जिसमें पुलिस टीमें फ्लैशलाइट की रोशनी में झुग्गी-झोपड़ियों, आश्रय स्थलों, बस स्टेशनों और रेलवे प्लेटफॉर्मों पर छापेमारी कर रही हैं और लोगों के दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
*ज्वाइंट सीपी आशुतोष कुमार* ने बताया कि फिलहाल अभियान के इस चरण में कोई संदिग्ध या अवैध व्यक्ति नहीं मिला है, लेकिन कार्यवाही लगातार जारी है। उन्होंने कहा, *”यह एक निरंतर प्रक्रिया है। हमारा फोकस शहर की सुरक्षा और अवैध घुसपैठ पर नजर रखने पर है।”*
पुलिस के अनुसार, इस अभियान के दौरान न केवल अवैध प्रवासियों, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। सभी थाना क्षेत्रों में यह सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
