आसरा आवास में भ्रष्टाचार के खिलाफ 29 दिसंबर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन का निर्णय

दिव्यांगों के आवास को स्वस्थ व्यक्तियों को आवंटित कर दिया गया

 

कानपुर। राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की बैठक आज शास्त्री नगर बड़ा सेंट्रल पार्क बगिया गेट नंबर 4 कानपुर नगर में संपन्न हुई । बैठक में आसरा आवास में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी 29 दिसंबर से विकास भवन में अनिश्चितकालीन धरना अनशन करने का निर्णय लिया है।
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी दिव्यांगजनों को आसरा आवास आवंटन करने की मांग को लेकर लम्बे समय से आंदोलन कर रही है।आसरा आवास में हुए भ्रष्टाचार की अनेकों बार ज्ञापन व पत्रों के माध्यम से उच्च स्तरीय जांच की मांग जिला प्रशासन व सरकार से की जा चुकी है। लेकिन आज तक आसरा आवास में हुए भ्रष्टाचार की जांच नहीं की गई और ना ही दिव्यांगजनों को आसरा आवास आवंटित किया गया।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि इस सरकार में अधिकारी भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। जिसकी वजह से गरीब दिव्यांगजनों को उनका हक और अधिकार नहीं मिल पा रहा है। दिव्यांग व्यक्तियों के आवास को स्वस्थ व्यक्तियों के नाम आवंटित करके दिव्यांग कोटा पूरा करना बताया जा रहा है, जबकि पात्रता सूची में 232 दिव्यांगों को पात्र दर्शाया गया है और डूडा कार्यालय द्वारा दिव्यांग कोटे के अन्तर्गत आसरा आवास आवंटित सूची वाले नाम पात्रता सूची में नहीं है। इससे स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार के चलते दिव्यांग कोटे के आवास स्वस्थ व्यक्तियों को आवंटित कर दिया गया है।
वीरेन्द्र कुमार ने मांग कि है कि आसरा आवास पात्र दिव्यांगजनों को आवंटन किया जाय और भ्रष्टाचार करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही कि जाय।
आज कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार, जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष अल्पना कुमारी, अरविन्द सिंह, गुड्डी दीक्षित,अशोक कुमार, गौरव कुमार, रंजीत कुमार, जीतेन्द्र कुमार गुप्ता आदि शामिल थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *