*शिवराजपुर के पंचायत सचिव, एडीओ पंचायत व खंड विकास अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश*

 

*गोशाला में हरा चारा व साइलेज उपलब्ध न कराने पर कार्रवाई*

*सभी गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरे* *अनिवार्य*

 

*छोटी में 6 और बड़ी गौशालाओं में 8 कैमरे लगाने के निर्देश*

 

22 दिसंबर 2025, कानपुर नगर।

 

जिलाधिकारी श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में निराश्रित/बेसहारा गोवंश संरक्षण संबंधी जिला स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी गोवंश आश्रय स्थलों में भूसा, छाया, पानी, बिजली, सीसीटीवी कैमरे, हरा चारा, ठंड से बचाव सहित सभी आधारभूत सुविधाएँ हर स्थिति में उपलब्ध रहें। साथ ही, जनपद के सभी विकास खंडों में निर्माणाधीन अस्थायी गोवंश आश्रय स्थलों, गोवंश संरक्षण/विशेष संरक्षण अभियान, तथा भरण-पोषण हेतु फंड रिक्वेस्ट की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

 

जिलाधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद की हर गौशाला में 31 दिसंबर तक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा जिसकी सत्यापन रिपोर्ट उनके द्वारा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनपद की छोटी गौशाला में 6 कैमरे बड़ी गौशाला में 8 कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएँ।

 

ठंड के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गौशालाओं में पशुओं को काऊ कोट पहनाए जाएं। अलाव की व्यवस्था,बंद शेड तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ।

 

समीक्षा के दौरान पाया गया कि शिवराजपुर की गोशाला में साइलेज और हरा चारा उपलब्ध नहीं कराया गया । इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिवराजपुर के पंचायत सचिव, एडीओ पंचायत, खंड विकास अधिकारी द्वारा अपनी गोशाला में हरा चारा व साइलेज उपलब्ध न कराए जाने पर उनका दिसंबर माह का वेतन रोकने के निर्देश देते हुए, गौशाला संचालन में लापरवाही पाए जाने पर वहाँ के प्रधान को नोटिस जारी करने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जहां कहीं भी भूसा सप्लायर द्वारा समय से भूसे की आपूर्ति नहीं की जा रही है, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती दीक्षा जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर श्री अनुभव सिंह, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *