कानपुर

 

कोहरे का कहर जारी, धुंध के चलते यशोदा नगर फ्लाइओवर पर हादसा

 

कानपुर। सघन कोहरे व धुंध के कारण मंगलवार सुबह यशोदा नगर स्थित ऊपरगामी सेतु (फ्लाइओवर) पर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। टमाटर से लदी रामादेवी जा रही एक पिक-अप वैन फ्लाइओवर के डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई। वाहन के पलटने से उसका ढाँचा (चेचिस) क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो युवक मलबे में फंस गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही किदवई नगर फायर अधिकारी कामता प्रसाद फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुँचे। फंसे हुए युवकों को बचाने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल कर लगभग दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। आखिरकार दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

 

इस हादसे के कारण फ्लाइओवर पर लंबा जाम लग गया। मौके पर नौबस्ता थाना और यातायात पुलिस की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी रहीं और अंततः यातायात को सुचारू कराया। दोनों के सकुशल बाहर आने पर मौके पर मौजूद राहगीरों ने फायर ब्रिगेड व पुलिस के सहयोग और परिश्रम की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *