*ठिठुरन में खुले आसमान से राहत, रैन बसेरों में उमड़े निराश्रित*

 

कानपुर नगर।

 

शीतलहर और बढ़ती ठंड के बीच खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर निराश्रितों के लिए रैन बसेरे राहत का ठिकाना बनकर सामने आए हैं। जनपद में ठंड बढ़ने के साथ रैन बसेरों में ठहरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते पांच दिनों में ही 2707 निराश्रितों ने रैन बसेरों में सुरक्षित आश्रय लिया।

 

शासन के निर्देशों के क्रम में नगर निगम द्वारा जनपद के छह जोनों में कुल 30 स्थायी और एक अस्थायी सहित कुल 35 रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं। प्रमुख अस्थायी रैन बसेरा झकरकटी बस अड्डे पर स्थापित है। सभी रैन बसेरों में निराश्रितों के लिए कंबल, रजाई और गद्दे उपलब्ध कराए गए हैं तथा प्रत्येक रैन बसेरे के बाहर अलाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। शासन के निर्देशानुसार सभी रैन बसेरे पूरी तरह निःशुल्क संचालित किए जा रहे हैं।

रैन बसेरों की निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों के पहुंचने की स्थिति में अतिरिक्त रजाई-कंबलों की व्यवस्था तत्काल कराई जा रही है, जिससे किसी भी निराश्रित को असुविधा न हो।

 

*सुतरखाना का शहरी आश्रय गृह बना सुरक्षित ठिकाना*

 

पं. दीन दयाल अन्त्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के अंतर्गत शहरी बेघर व्यक्तियों के लिए सुतरखाना क्षेत्र में नौ नंबर रेलवे स्टेशन मार्ग पर 50 बेड क्षमता वाला अत्याधुनिक तीन मंजिला रैन बसेरा संचालित किया जा रहा है। यहां महिला, पुरुष और दिव्यांगजन के लिए पृथक व्यवस्था की गई है।

*इस रैन बसेरे में अटैच टॉयलेट, सभी कमरों में आरओ पेयजल*, प्रवेश द्वार पर फुलवारी, पूरे परिसर में पाथवे तथा अत्यंत स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया है।

यहां 14 दिसंबर को सर्वाधिक 122 निराश्रितों ने आश्रय लिया, जबकि इसी अवधि में एक अन्य दिन 14 दिसंबर को 101 निराश्रित भी दर्ज किए गए। अन्य तिथियों पर यहां ठहरने वालों की संख्या इस प्रकार रही—

19 दिसंबर: 78

20 दिसंबर: 57

21 दिसंबर: 28

22 दिसंबर: 56

 

*झकरकटी बस स्टैंड का अस्थायी रैन बसेरा भी भर रहा*

 

नगर निगम द्वारा झकरकटी बस स्टैंड पर संचालित 29 बेड क्षमता वाले अस्थायी रैन बसेरे में भी समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां प्रत्येक दो बेड के बीच मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, बेड पर रजाई, कंबल और तकिए की व्यवस्था की गई है।

यहां ठहरने वालों की संख्या रही—

19 दिसंबर: 32

20 दिसंबर: 73

21 दिसंबर: 56

22 दिसंबर: 67

 

अपर नगर आयुक्त मो0 अवेश खान ने बताया कि शीतलहर को देखते हुए रैन बसेरों की व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनपद का कोई भी निराश्रित व्यक्ति ठंड में खुले में न रहे और सभी को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *