कानपुर; दिनांक: 26.12.2025

कानपुर मेट्रो: कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता मेट्रो स्टेशन तक ट्रेनों की टेस्टिंग एवं विद्युत उपकरणों की बिजली आपूर्ति हेतु छह नए सब-स्टेशन तैयार

 

कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक चार 33 केवी ऑग्ज़ीलरी सब-स्टेशन एवं दो ऑग्ज़ीलरी-कम-ट्रैक्शन सब-स्टेशन किए गए ऊर्जीकृत (एनर्ज़ाइज)

 

कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के बैलेंस सेक्शन (कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता) पर यात्री सेवा के विस्तार की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में सात में से छह स्टेशनों पर सब-स्टेशन तैयार कर उन्हें ऊर्जीकृत (एनर्ज़ाइज) कर दिया गया है। मेट्रो ट्रेनों की टेस्टिंग तथा स्टेशनों पर स्थापित विभिन्न प्रणालियों जैसे टीवीएस, ईसीएस, एएफसी एवं अन्य विद्युत उपकरणों—बल्ब, लिफ्ट, एस्केलेटर आदि—के संचालन के लिए ऊर्जा आपूर्ति एक बुनियादी आवश्यकता है।

 

कानपुर मेट्रो द्वारा इस उद्देश्य से चार स्टेशनों—झकरकटी, बारादेवी, बसंत विहार एवं नौबस्ता—पर 33 केवी ऑग्ज़ीलरी सब-स्टेशन (एएसएस) तथा दो स्टेशनों—किदवई नगर एवं बौद्ध नगर—पर ऑग्ज़ीलरी-कम-ट्रैक्शन सब-स्टेशन (एएसएस-कम-टीएसएस) को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर दिया गया है।

 

सब-स्टेशन कैसे करते हैं कार्य?

कानपुर मेट्रो ट्रेनों के संचालन के लिए विद्युत आपूर्ति उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीटीसीएल) से प्राप्त की जाती है। बैलेंस सेक्शन (कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता) पर ऊर्जा आपूर्ति के लिए 33 केवी लाइन नयागंज मेट्रो स्टेशन स्थित ऑग्ज़ीलरी-कम-ट्रैक्शन सब-स्टेशन (एएसएस-कम-टीएसएस) से ली जा रही है।

 

प्रत्येक एएसएस में दो ऑग्ज़ीलरी ट्रांसफॉर्मर तथा प्रत्येक एएसएस-कम-टीएसएस में दो ऑग्ज़ीलरी ट्रांसफॉर्मर के साथ-साथ दो ट्रैक्शन ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए हैं। मेट्रो स्टेशनों पर लगे एस्केलेटर, लाइटिंग, लिफ्ट, एयर-कंडीशनिंग सिस्टम आदि के संचालन के लिए सब-स्टेशन में लगे ऑग्ज़ीलरी ट्रांसफॉर्मरों की सहायता से 33 केवी विद्युत आपूर्ति को 415 वोल्ट एसी में परिवर्तित किया जाएगा। इसी प्रकार, ट्रैक्शन ट्रांसफॉर्मर एवं रेक्टिफायर पैनल की मदद से 33 केवी एसी करंट को 750 वोल्ट डीसी में परिवर्तित कर मेट्रो ट्रेनों के संचालन हेतु उपयोग किया जाएगा।

 

एएसएस एवं एएसएस-कम-टीएसएस के लिए ट्रांसफॉर्मरों की स्थापना के बाद उनकी सभी आवश्यक टेस्टिंग प्रक्रियाएं पूर्ण की गईं तथा इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर जनरल से आवश्यक प्रमाणन प्राप्त किया गया। बैलेंस सेक्शन में ट्रायल रन के दौरान मेट्रो ट्रेनों को विद्युत आपूर्ति इन्हीं सब-स्टेशनों के माध्यम से की जाएगी।

 

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा,

“कानपुर मेट्रो के निर्माणाधीन बैलेंस सेक्शन (कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता) पर फिनिशिंग कार्यों के साथ-साथ सिस्टम इंस्टॉलेशन के कार्य भी तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। सात में से छह स्टेशनों पर बिजली आपूर्ति के लिए सब-स्टेशनों को ऊर्जीकृत किया जा चुका है। मोतीझील से कानपुर सेंट्रल तक यात्री सेवा के विस्तार के बाद अब मेट्रो टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ अगले चरण में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवा के विस्तार के लिए जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *