सनसनीखेज वारदात साउथ जोन कानपुर
गुजैनी में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या, बाथरूम में मिला लहूलुहान शव
कानपुर कमिश्नरेट के साउथ जोन अंतर्गत गुजैनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पति ने अपनी पत्नी के सिर पर धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतका बीते करीब तीन वर्षों से पति से अलग रह रही थी। महिला ने अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का मुकदमा भी दर्ज करा रखा था, जो न्यायालय में विचाराधीन था।
मृतका के भाई ने बताया कि शुक्रवार शाम उसकी बहन किसी काम से मायके से अपनी ससुराल गई थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। शनिवार सुबह जब उसने बहन की तलाश की और ससुराल पहुंचा, तो घर पर ताला लटका मिला।
अनहोनी की आशंका पर उसने तुरंत गोविंद नगर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया, जहां बाथरूम में महिला का लहूलुहान शव पड़ा मिला।
इलाके में मचा हड़कंप घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पति की तलाश में दबिश दी जा रही है और मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जाँच पड़ताल में जुटी
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
