उप निबंधक कार्यालय की प्रस्तावित भूमि खारिज
सुभानपुर–मुरादनगर की जमीन जनहित में अनुपयुक्त घोषित
कानपुर नगर।तहसील बिल्हौर में उप निबंधक कार्यालय के भवन निर्माण को लेकर प्रशासन ने बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) कानपुर नगर की अध्यक्षता में गठित संयुक्त समिति ने प्रस्तावित स्थल को जनहित में अनुपयुक्त करार दे दिया है।संयुक्त समिति की 22 दिसंबर 2025 की आख्या में ग्राम सुभानपुर, मुरादनगर स्थित गाटा संख्या 594क व 594ग (कुल 1120 वर्गमीटर) भूमि को हर दृष्टि से अनुपयुक्त पाया गया है। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से तहसील परिसर की भूमि को सर्वोत्तम विकल्प बताया गया है।जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने आख्या का संज्ञान लेते हुए वर्तमान प्रस्तावित स्थल को निरस्त कर तहसील में ही नये भवन के निर्माण के निर्देश जारी किए हैं।प्रकरण में उप जिलाधिकारी बिल्हौर एवं सहायक महानिरीक्षक निबंधन को आवश्यक कार्यवाही हेतु आदेश की प्रतिलिपि भेजी गई है।बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के प्रत्यावेदन का असर दिखा।उप निबंधक कार्यालय के स्थान को लेकर अब फिर से चयन होगा।
