दुकान पर बैठे युवक पर थार-स्कॉर्पियो सवार दबंगों का हमला
फायरिंग से मचा हड़कंप
पांच नामजद व अज्ञात पर केस
शिवराजपुर थाना क्षेत्र में दबंगई और खुलेआम हथियारों के प्रदर्शन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। केपी गारमेंट की दुकान पर बैठे एक युवक पर पुरानी रंजिश को लेकर थार और स्कॉर्पियो सवार दबंगों ने लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने फायरिंग भी की, हालांकि गोली पीड़ित को नहीं लगी। मामले में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शिवराजपुर थाने में अभियोग पंजीकृत किया गया है।पीड़ित अमित वर्मा पुत्र अनिल वर्मा निवासी शिवराजपुर ने जन शिकायत प्रकोष्ठ में दी तहरीर में बताया कि 10 दिसंबर को शाम करीब 7:16 बजे वह केपी गारमेंट की दुकान पर बैठा था। तभी दो-तीन गाड़ियां वहां आकर रुकीं, जिनमें एक थार और एक स्कॉर्पियो शामिल थी। गाड़ियों से उतरकर अभिषेक ठाकुर उर्फ बोनी ठाकुर अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। पीड़ित का आरोप है कि अभिषेक ठाकुर से उसका पहले से विवाद चल रहा था।आरोप है कि अभिषेक ठाकुर उर्फ बोनी ठाकुर, प्रदीप सिंह, शिवम, मोना, रोहित तिवारी उर्फ बउआ सहित 5 से 6 अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। सभी के हाथों में लोहे की रॉड थी। विरोध करने पर आरोपियों ने अमित वर्मा को बेरहमी से पीटा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और सिर फट गया।पीड़ित के अनुसार हमले के दौरान अभिषेक ठाकुर उर्फ बोनी ठाकुर ने उस पर फायरिंग भी की, हालांकि गोली मिस हो गई। जाते-जाते आरोपी तमंचा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए बोले कि यदि पुराने मुकदमे में समझौता नहीं किया तो उसे जान से खत्म कर देंगे। आरोप है कि आरोपी खुद को बड़े नेताओं का करीबी बताते हुए पुलिस को भी कुछ न कर पाने की धमकी देता रहा।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के निर्देश पर शिवराजपुर थाने में नामजद आरोपियों और अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
