बिल्हौर तहसील में उपनिबंधक कार्यालय बचाव आंदोलन सफल, 18 दिन बाद अधिवक्ताओं की हड़ताल समाप्त
बिल्हौर,तहसील बिल्हौर स्थित उपनिबंधक कार्यालय को बचाने के लिए विगत 18 दिनों से चल रहा अधिवक्ताओं का आंदोलन आखिरकार सफल हो गया। सोमवार को जिलाधिकारी कानपुर नगर द्वारा जनहित में जारी पत्र को उपजिलाधिकारी बिल्हौर संजीव कुमार दीक्षित ने धरना स्थल पर पढ़कर सुनाया, जिसमें अधिवक्ताओं की सभी प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने की घोषणा की गई।इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक राहुल बच्चा सोनकर की विशेष उपस्थिति रही। पत्र की घोषणा होते ही धरना स्थल पर मौजूद अधिवक्ताओं व समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और आंदोलन को ऐतिहासिक सफलता बताया गया।धरने में मिश्रीख लोकसभा सांसद अशोक कुमार रावत, पूर्व सासद अंजू बाला, बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर, एमएलसी अरुण पाठक व मीना गौतम, ग्राम प्रधान बिल्हौर देहात वीरेंद्र कटियार, ग्राम प्रधान नसीरापुर रवींद्र कटियार, अपना दल अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष अर्जुन दिवाकर, भाजपा कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेंद्र पासवान, भारतीय किसान यूनियन से अनंत अवस्थी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, व्यापारी संगठन एवं अधिवक्ता मौजूद रहे।कानपुर ग्रामीण प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनिल अग्निहोत्री, नगर सभासद अशोक तिवारी (गुड्डा) सहित अन्य सभासदों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। बार काउंसिल उत्तर प्रदेश के प्रत्याशी नरेश चंद्र त्रिपाठी, अंकज मिश्रा, अरविंद उपाध्याय, अनुराग पांडेय, राधा यादव, अभिषेक दीक्षित, रामेंद्र कटियार, रामप्रकाश गुप्ता, विश्वनाथ कटियार सहित अन्य प्रत्याशियों व दवा व्यापार मंडल ने भी समर्थन पत्र सौंपा।जिलाधिकारी का पत्र जारी होने के बाद नरेश चंद्र त्रिपाठी पुनः धरना स्थल पर पहुंचे और सभी को आंदोलन की सफलता पर बधाई दी। वहीं बिल्हौर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश कटियार, महामंत्री सौरभ कटियार, द लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, महामंत्री तथा एकीकृत एडवोकेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनीत गुप्ता महामंत्री अनुराग द्विवेदी ने आंदोलन में सहयोग करने वाले सभी अधिवक्ताओं, संगठनों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंगलवार से हड़ताल समाप्त कर न्यायिक कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ किया जाएगा।
