कानपुर, दिनांक: 31.12.2025

कानपुर मेट्रो स्टाफ ने यात्री को लौटाया लैपटॉप, निष्ठा और ईमानदारी की पेश की मिसाल

 

वर्ष 2025 में 7 लैपटॉप, 40 मोबाइल फोन व लगभग ₹12,000 नकद लौटाए, परिजनों से बिछड़े 5 बच्चों को भी मिलाया

 

माटी कहे कुम्हार से तू क्या रौंदे मोहे…’ साल के अंतिम दिन कबीरदास के दोहों से गूंजा मेट्रो स्टेशन; नवीन मार्केट मेट्रो स्टेशन पर रंगोली से हुआ नववर्ष का स्वागत

 

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) की कानपुर मेट्रो सेवा न केवल सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा के लिए जानी जाती है, बल्कि यात्रियों के खोए हुए सामान को सुरक्षित रूप से उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की दिशा में भी निरंतर सराहनीय कार्य कर रही है। इसी क्रम में आज कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री को उनका छूटा हुआ बैग सुरक्षित रूप से लौटाया गया, जिसमें एक लैपटॉप सहित अन्य आवश्यक सामान मौजूद था।

 

उल्लेखनीय है कि 28 दिसंबर को भी कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन पर एक अन्य यात्री को उनका छूटा हुआ बैग, जिसमें लैपटॉप और मोबाइल फोन था, सुरक्षित वापस किया गया था। अकेले वर्ष 2025 में अब तक कानपुर मेट्रो स्टाफ द्वारा ₹11,960 नकद, 7 लैपटॉप, 40 मोबाइल फोन एवं 156 अन्य विविध वस्तुएं यात्रियों को लौटाई जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, मेट्रो कर्मियों की सतर्कता और संवेदनशीलता से यात्रा के दौरान परिजनों से बिछड़े पांच बच्चों को भी सुरक्षित उनके परिवारों से मिलाया गया।

 

आज दोपहर लगभग 2:30 बजे कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन परिसर में गौरव गुप्ता नामक यात्री का बैग छूट गया था। स्टेशन स्टाफ को बैग मिलने पर स्टेशन कंट्रोलर सृष्टि रंजन ने पूर्ण जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसकी जांच की तथा यात्री की पहचान सुनिश्चित की। सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात दोपहर लगभग 3:00 बजे बैग को यात्री को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया। इसी प्रकार 28 दिसंबर को सुबह लगभग 9:30 बजे परेड निवासी यात्री अराज आलम का छूटा हुआ बैग, जिसमें एक लैपटॉप, मोबाइल फोन एवं कुछ कपड़े थे, स्टेशन कंट्रोलर गणेशमणि त्रिपाठी द्वारा सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद लगभग 10:00 बजे सुरक्षित लौटाया गया था। दोनों ही मामलों में यात्रियों ने अपना सामान वापस पाकर कानपुर मेट्रो स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया और उनकी ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

 

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा कि, “कानपुर मेट्रो की टीम हर परिस्थिति में यात्रियों की सहायता के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती है। सेवा भाव और ईमानदारी को यूपीएमआरसी की प्रशिक्षण प्रक्रिया का अभिन्न अंग बनाया गया है। यात्रियों का विश्वास और संतुष्टि ही हमारी वास्तविक उपलब्धि है। कानपुर शहर को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना हमारा प्रमुख उद्देश्य है। नववर्ष के अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।”

 

नए साल के स्वागत में संगीत संध्या और रंगोली का आयोजन

 

साल 2025 के अंतिम दिन का समापन और नए साल का स्वागत बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर महान संत कवि कबीरदास के दोहों की संगीतमय प्रस्तुति के साथ किया गया। गीतानुरागी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने अपने आवाज और भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से संत कबीर के दोहों को गाने के साथ साथ उसमें छिपे संदेशों की व्याख्या भी की। कलाकारों द्वारा सुनाए, ‘बड़ा हुआ सो क्या हुआ जैसे पेड़ खजूर‘, ‘मन के हारे हार है, मन के जीते जीत‘, ‘माटी कहे कुम्हार से तू क्या रौंदे मोहे’ जैसे दोहों ने यात्रियों से खूब सराहना बटोरी।

 

नववर्ष पर आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में नवीन मार्केट मेट्रो स्टेशन पर गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज की छात्राओं द्वारा सुंदर रंगोली बनाई गई। रंगोली में कानपुर मेट्रो को केंद्र में रखते हुए शहर में सार्वजनिक परिवहन के बदलते स्वरूप को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को कानपुर मेट्रो की सुविधाओं, विशेषताओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी भी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *