माघ मेला–2026 के दौरान प्रयाग जंक्शन एवं फाफामऊ स्टेशन पर यात्री प्रबंधन एवं आवागमन व्यवस्था का निरीक्षण

 

 

उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने आगामी माघ मेला–2026 के दौरान स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए प्रयाग जंक्शन एवं फाफामऊ स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, होल्डिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अतिरिक्त टिकट काउन्टर , कैटरिंग स्टॉल, M-UTS, फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफार्म, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर (ICC)तथा आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं विशेष रूप से भीड़ नियंत्रण, यात्री मार्गदर्शन, संकेतक व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा एवं आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने पर बल दिया। माघ मेला मे यात्रियों की होने वाली अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रण हेतु प्रयाग स्टेशन पर 220, फाफामऊ मे 45, वाराणसी मे 60, अयोध्या कैंट मे 55 व अयोध्या धाम मे 60 अतिरिक्त कमर्शियल स्टाफ एवं प्रयाग मे RPF के 200 जवान , अयोध्या मे 50 एवं वाराणसी मे 50 RPF जवानों की तैनाती की गई है

प्रयाग जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा हेतु कुल पाँच होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इनमें से तीन होल्डिंग एरिया (A, B एवं C) विश्वविद्यालय रोड की ओर स्थित हैं, जबकि दो होल्डिंग एरिया (D एवं E) रामप्रिया रोड की ओर बनाए गए हैं। ये सभी होल्डिंग एरिया स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित हैं, जहाँ श्रद्धालुओं को नियंत्रित एवं सुरक्षित रूप से ठहराने की व्यवस्था की गई है। इन होल्डिंग एरिया से यात्रियों को नियोजित एवं नियंत्रित रूप से प्लेटफार्मों पर प्रवेश कराया जाएगा। यात्रियों को प्लेटफार्म संख्या 01 अथवा 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (FOB-3) के माध्यम से प्लेटफार्म संख्या 2, 3 एवं 4 पर भेजा जाएगा। आने वाले यात्रियों की निकासी केवल रामप्रिया रोड की ओर से की जाएगी, जबकि रामप्रिया रोड से केवल संगम की ओर जाने वाले यात्रियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। स्टेशन के प्रथम फुट ओवर ब्रिज का उपयोग केवल यात्रियों के बाहर निकलने हेतु किया जाएगा तथा किसी भी स्थिति में क्रॉस मूवमेंट की अनुमति नहीं दी जाएगी। आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को किसी भी होल्डिंग एरिया में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर के बाहर अस्थायी शेल्टर की व्यवस्था की गई है, जहाँ से टिकट जांच के उपरांत उन्हें सीधे प्लेटफार्म पर प्रवेश दिया जाएगा। अत्यधिक भीड़ की स्थिति में यात्रियों को वैकल्पिक रूप से इलाहाबाद विश्वविद्यालय परिसर एवं एनी बेसेंट इंटर कॉलेज, छोटा बघाड़ा में डायवर्ट किए जाने की व्यवस्था की गई है। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं हेतु ग्रीन कॉरिडोर एवं एम्बुलेंस की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।आरक्षित यात्री गेट संख्या–01 से स्टेशन परिसर में प्रवेश करेंगे, जबकि अनारक्षित यात्री अयोध्या, लखनऊ, बनारस एवं जौनपुर दिशा की ओर जाने वाले यात्री गेट संख्या–02 के माध्यम से प्रवेश करेंगे।फाफामऊ स्टेशन पर भी दो होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं—एक नदी की ओर तथा दूसरा मुख्य प्रवेश द्वार की ओर। अनारक्षित यात्रियों का प्रवेश दिशा-विशेष के अनुसार किया जाएगा तथा आपात स्थिति में गेट संख्या–03 का उपयोग किया जाएगा। स्टेशन पर निर्मित नए 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का उपयोग यात्रियों को प्लेटफार्म से बाहर निकालने हेतु किया जाएगा। होल्डिंग एरिया से यात्रियों को नियंत्रित रूप से फुट ओवर ब्रिज के माध्यम से प्लेटफार्मों पर भेजा जाएगा। फाफामऊ स्टेशन पर भी आरक्षित यात्रियों को होल्डिंग एरिया में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी तथा उन्हें सीधे प्लेटफार्म तक पहुंचने की व्यवस्था प्रदान की गई है।मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि माघ मेला अवधि के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं बेहतर सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *