कानपुर मंडल में शीत लहर का कहर जारी, दिन में भी गलन बढ़ी, बारिश की संभावना नहीं
कानपुर मंडल में मौसम ने ठंड का असर और तेज कर दिया है। अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जोकि सामान्य से 4.6 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 97 प्रतिशत और न्यूनतम 69 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई।
उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली हवाओं की औसत गति 5.1 किमी प्रति घंटा रही, जो अधिकतम 7.8 किमी प्रति घंटा तक पहुंची।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार नमी के कारण सुबह और शाम धुंध व कोहरा बना रहेगा, हालांकि दिन में धूप निकलने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति बढ़ने से ठंड का असर और बढ़ेगा।
कानपुर मंडल सहित पूरे उत्तर प्रदेश में रात, सुबह, शाम के साथ अब दिन में भी शीत लहर और गलन महसूस की जाएगी। नमी और प्रदूषण के चलते धुंध की स्थिति बनी रहेगी।
चंद्रशेखर आजाद विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पांडे के मुताबिक कानपुर मंडल में बारिश की संभावना न के बराबर है, लेकिन शीतलहर के चलते मौसम सर्द रहेगा।
