*जिलाधिकारी ने घाटमपुर में निर्माणाधीन वृहद कान्हा गौशाला का किया औचक निरीक्षण, निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण पाया गया।*

 

 

जिलाधिकारी श्री जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज नगर पालिका परिषद घाटमपुर द्वारा निर्माणाधीन वृहद कान्हा गौशाला का औचक निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता का गहन जायजा लिया, जो संतोषजनक एवं बेहतर पाई गई।

निरीक्षण उपरांत जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य अत्यंत सराहनीय है तथा इस गौशाला का मॉडल जनपद की अन्य गौशालाओं में भी अपनाया जाना चाहिए।

 

यह गौशाला नगर पालिका परिषद घाटमपुर द्वारा निर्मित की जा रही है। कार्य प्रारम्भ की तिथि 26 अक्टूबर 2024 है ।

परियोजना की कुल लागत लगभग 177.28 लाख रुपये है। गौशाला में लगभग 500 निराश्रित एवं आवारा पशुओं के संरक्षण की क्षमता है।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि आवारा पशुओं की समस्या के समाधान हेतु गौशालाओं का निर्माण शासन की एक महत्वपूर्ण नीति है। कानपुर नगर के दूरस्थ क्षेत्र घाटमपुर में इस गौशाला के निर्माण से नगरीय क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को भी आवारा पशुओं से होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी।

 

उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद घाटमपुर को निर्देशित किया कि 26 जनवरी तक गौशाला का संचालन प्रारम्भ कराना सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *