साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल अरेस्ट पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
एस. एन. सेन बालिका विद्यालय पी.जी. कॉलेज में आज “डिजिटल अरेस्ट हेतु अवेयरनेस” विषय पर एक महत्वपूर्ण अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं शिक्षकों को बढ़ते साइबर अपराधों एवं डिजिटल धोखाधड़ी के खतरों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुमन, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. प्रीति सिंह तथा पुलिस विभाग के अतिथि वक्ता श्री शरद तिलाराज एवं एसआई श्री सत्य पाल सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
मुख्य वक्ता एसआई श्री सत्य पाल सिंह ने साइबर अपराधों की परिभाषा, उनसे बचाव के उपाय तथा साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों पर प्रकाश डाला। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट (फ्रीज) से बचने के लिए सावधानियां बरतने पर जोर दिया। उनका स्पष्ट संदेश था कि अज्ञात व्यक्तियों या संदिग्ध स्रोतों के साथ किसी भी प्रकार का वित्तीय लेन-देन न करें।
श्री सिंह ने बताया कि भारत में वित्तीय साइबर अपराधों की रिपोर्ट करने के लिए राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 उपलब्ध है। इसके अलावा, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (https://cybercrime.gov.in) पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। यह पोर्टल गृह मंत्रालय द्वारा संचालित है।
कार्यक्रम की साज-सज्जा का दायित्व डॉ. रचना निगम ने निभाया। एन.सी.सी. एवं एन.एस.एस. की छात्राओं ने कार्यक्रम के आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
यह आयोजन डिजिटल युग में सतर्कता एवं सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का एक सार्थक पहल साबित हुआ।
