कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने किया आईसीएआर अटारी, कानपुर का भ्रमण एवं प्राकृतिक खेती के कार्यों की सराहना
भाकृअनुप–अटारी, जोन-तृतीय, कानपुर में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही जी ने उच्चस्तरीय अधिकारियों के साथ संस्थान का भ्रमण किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के प्रमुख सचिव श्री रविंद्र कुमार, कानपुर मंडलायुक्त एवं चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति श्री के0 विजयेंद्र पांडियन, उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह तथा अटारी कानपुर के निदेशक डा. राघवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान माननीय कृषि मंत्री जी ने भाकृअनुप–अटारी, कानपुर परिसर में विकसित प्राकृतिक खेती प्रदर्शन खंड का अवलोकन किया। कृषि मंत्री श्री शाही जी ने प्राकृतिक खेती की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए इस पहल की सराहना की साथ ही संस्थान के निदेशक डॉ. राघवेंद्र सिंह से प्राकृतिक खेती के परिणामों एवं भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की।
इस अवसर पर माननीय कृषि मंत्री जी ने भाकृअनुप–अटारी, कानपुर में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही संस्थान के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों के साथ संवाद कर कृषि अनुसंधान को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने पर बल दिया। भ्रमण के अंत में कृषि मंत्री जी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए आशा व्यक्त की कि भाकृअनुप–अटारी, कानपुर भविष्य में भी राज्य एवं क्षेत्रीय कृषि विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
