एससी/एसटी आयोग के सदस्य का भव्य स्वागत, सीवर समस्या को लेकर उठी जनआवाज़
कानपुर अपना दल (एस) के अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चंद्र कुण्डे का राजापुरवा क्षेत्र में नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर का चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।कार्यक्रम में अपना दल (एस) के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें रमेंन्द्र कटियार (क्षेत्रीय अध्यक्ष), रामप्रताप पाल (जिलाध्यक्ष कानपुर), सुबोध गंगवार (विधानसभा प्रभारी), नगर उपाध्यक्ष राजकिशोर बाल्मीकी, सहित अंकित तोमर, सोनू पाठक, महेश वर्मा, नरेंद्र वर्मा, रमेश चंद्र कनोजिया, रमेश टेलर, विजय, सुरेश, सविता, प्रदीप चंद्र, राम दयाल, महेश आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में व्याप्त सीवर लाइन की गंभीर समस्या से आयोग सदस्य को अवगत कराया। लोगों ने बताया कि लंबे समय से सीवर जाम और गंदगी की समस्या बनी हुई है, जिससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर न तो क्षेत्रीय विधायक ध्यान दे रहे हैं और न ही पार्षद, जिससे जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आयोग सदस्य रमेश चंद्र कुण्डे से लोगों ने सीवर लाइन के कार्य को शीघ्र कराए जाने की गुहार लगाई। इस पर उन्होंने जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों से बात कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
क्षेत्रीय जनता ने उम्मीद जताई कि आयोग के हस्तक्षेप से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और राजापुरवा क्षेत्र को गंदगी व बीमारियों से निजात मिलेगी।
