मकर संक्रांति पर सेंट्रल से प्रयागराज के लिए भीड़ उमड़ने का संभावना, यात्रियों के लिए व्यापक इंतजाम

…रेलवे ने 14 अतिरिक्त रैक रखे तैयार, एक लाख अतिरिक्त यात्रियों का अनुमान

कानपुर। माघ मेले के पहले प्रमुख स्नान पर्व मकर संक्रांति पर कानपुर से प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहने की संभावना है। रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ ने इस अवसर के लिए व्यापक इंतजाम कर लिए हैं। सेंट्रल स्टेशन पर मंगलवार से 16 जनवरी तक करीब एक लाख अतिरिक्त यात्रियों का लोड रहने का अनुमान जताया जा रहा है।

रेलवे ने प्रयागराज जाने-आने वाली नियमित ट्रेनों के अलावा 14 अतिरिक्त रैक तैयार रखे हैं। भीड़ बढ़ने पर इन रैकों को तुरंत रवाना किया जाएगा। प्रयागराज से वापसी के साथ ही आसपास के अन्य शहरों के लिए भी इनका उपयोग किया जाएगा।

सीसीटीवी से होगी सघन निगरानी

आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार और जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि कैंट और सिटी साइड पर होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। यात्रियों को यहां रोका जाएगा ताकि प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिज पर भीड़ न बढ़े। रस्सा टीम को सक्रिय कर दिया गया है। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी के माध्यम से स्टेशन परिसर और आसपास के हर कोने पर पैनी नजर रखी जाएगी। जवान सभी प्लेटफॉर्मों पर निरंतर गश्त करते रहेंगे।

परिवहन निगम की ओर से 300 बसें रूट पर

मकर संक्रांति के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, कानपुर मंडल करीब 300 बसें प्रयागराज रूट पर दौड़ाएगा। आरएम महेश कुमार ने बताया कि शटल सेवा में रोडवेज की बसों के साथ 65 ई-बसें भी शामिल की गई हैं। झकरकटी बस अड्डे पर 60 बसें रिजर्व में खड़ी की गई हैं, जिन्हें आवश्यकता अनुसार तुरंत रूट पर रवाना किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *