भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का आगमन 16 को
कानपुर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी के 16 जनवरी को कानपुर आगमन एवं एचबीटीयू परिसर में प्रस्तावित बड़ी बैठक को लेकर तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इसी क्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल एवं जिला अध्यक्ष श्री अनिल दीक्षित ने बैठक स्थल एचबीटीयू का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत स्वागत एवं बैठक की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए एक आवश्यक बैठक भी संपन्न हुई, जिसमें व्यवस्था में लगे भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री प्रकाश पाल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को कानपुर में ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जाजमऊ से लेकर एचबीटीयू तक स्वागत मार्ग पर पड़ने वाले सभी प्रमुख चौराहों पर भारत के महापुरुषों के नाम से भव्य तोरण द्वार लगाए जाएंगे, जिससे भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और गौरवशाली परंपरा का संदेश जन-जन तक पहुंचे। यह स्वागत मार्ग पूरी तरह भगवामय होगा, जिसकी तैयारियाँ कल से प्रारंभ कर दी जाएंगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी सांसद एवं विधायक अपने-अपने आवंटित स्वागत प्वाइंट पर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। इसके अतिरिक्त 15 जनवरी को शहर में स्थित सभी महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, ताकि स्वच्छता, सम्मान और सेवा का संदेश दिया जा सके। यह अभियान “स्वच्छ भारत” की भावना को आगे बढ़ाते हुए समाज में सकारात्मक संदेश देगा।
जिला अध्यक्ष श्री अनिल दीक्षित ने कहा कि बैठक में हजारों कार्यकर्ताओं की सहभागिता अपेक्षित है और इसके लिए बैठक स्थल पर बैठने, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अनुशासन और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि 15 जनवरी को प्रस्तावित प्रदेश अध्यक्ष जी बैठक के संबंध में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी का बंटवारा कर दिया गया है।
बैठक में अनीता गुप्ता सुनील तिवारी,शिवांग मिश्रा,सीमा एमबीए,रोहित साहू सरोज सिंह विधि राजपाल,सुनीता गौड़…आदि उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। सभी ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि कानपुर संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ता समर्पण और राष्ट्रवादी भावना के लिए पूरे प्रदेश में एक उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
