बिल्हौर में मंदिर के पास संदिग्ध मांस व हड्डियां मिलने से तनाव

 

वीएचपी कार्यकर्ताओं का हंगामा; कई थानों की पुलिस तैनात

 

बिल्हौर। बिल्हौर क्षेत्र में मंदिर के समीप संदिग्ध मांस और हड्डियां मिलने की सूचना से मंगलवार शाम इलाके में तनाव फैल गया। ग्रामीणों के अनुसार गढ़नपुर क्षेत्र में मंदिर के पास हड्डियों और मांस के टुकड़े दिखाई दिए, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया गया।मौके पर विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के जिला अध्यक्ष सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। वीएचपी ने धार्मिक स्थल के पास इस तरह की वस्तुओं के मिलने को गंभीर बताते हुए प्रशासन से त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही।स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।इसी बीच बिल्हौर देहात ग्राम सभा क्षेत्र में निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास, कब्रिस्तान की बाउंड्री के समीप बोरी में मांस मिलने की सूचना भी सामने आई। मौके पर एसडीएम सहित पुलिस बल मौजूद रहा और ग्रामीणों से संवाद कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।अधिकारियों के अनुसार बरामद मांस और हड्डियों के प्रकार, स्रोत और वैधता की जांच कराई जा रही है। नमूनों को परीक्षण के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी तरह के प्रतिबंधों का उल्लंघन या अवैध गतिविधि पाई गई, तो कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।वहीं, क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित पशु कटान के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे दावों की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।फिलहाल इलाके में पुलिस तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *