घाटमपुर एसडीएम का व्हाट्सएप हैक, हैकर्स ने आरटीओ चालान के नाम से भेजा संदिग्ध लिंक

घाटमपुर । साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे प्रशासनिक अधिकारियों को भी निशाना बना रहे हैं। घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह का व्हाट्सएप अकाउंट मंगलवार सुबह हैक कर लिया गया। लगभग डेढ़ घंटे तक हैकर उनके अकाउंट का उपयोग करते रहे और कई संपर्कों को संदिग्ध लिंक भेजे। एसडीएम अविचल प्रताप सिंह के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनका व्हाट्सएप अचानक लॉग आउट हो गया। पासवर्ड के जरिए दोबारा लॉग इन करने के बाद जब उन्होंने व्हाट्सएप खोला तो उनकी प्रोफाइल फोटो बदल चुकी थी। प्रोफाइल पर आरटीओ व्हीकल इन्फो के साथ पुलिस का लोगो लगी एक कार की तस्वीर लगी हुई थी। हैकर्स ने इस दौरान एसडीएम के नंबर से व्यक्तिगत चैट और ग्रुप्स में चेक आरटीओ चालान नाम का एक संदिग्ध एप्लिकेशन लिंक भेजा। एसडीएम ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे तक हैकर्स उनके अकाउंट को नियंत्रित करते रहे। बाद में ऐप को दोबारा डाउनलोड और री सेट करने पर स्थिति सामान्य हुई। एसडीएम ने इस मामले की लिखित शिकायत घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव से की है। एसीपी ने पुष्टि की है कि मामला साइबर सेल को सौंप दिया गया है और टीम जांच में जुटी है। फिलहाल एसडीएम का व्हाट्सएप अब सुरक्षित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *