*एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने उन्नाव के प्राथमिक विद्यालय में आयोजित किया एक दिवसीय शिविर, स्वच्छता और मतदान जागरूकता पर केंद्रित रहा कार्यक्रम*

 

 

कानपुर, 16 जनवरी 2026 । एस. एन. सेन बी. वी. पी. जी. कॉलेज, कानपुर की कादम्बिनी देवी राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में शुक्रवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय कम्पोजिट, नेतुआ गाँव, उन्नाव में दूसरा एक दिवसीय विशेष शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इकाई प्रभारी डॉ. श्वेता रानी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में लगभग 80 स्वयंसेविकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

 

कार्यक्रम का आरंभ विद्यालय के बच्चों के साथ संयुक्त प्रार्थना, राष्ट्रीय गान और राष्ट्रीय गीत के गायन से हुआ। इसके पश्चात स्वयंसेविकाओं ने बच्चों को “दैनिक स्वच्छता एवं स्वास्थ्य” का महत्व समझाते हुए स्वच्छ आदतों द्वारा संचारी रोगों से बचाव और स्वच्छ वातावरण में उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

 

कार्यक्रम का एक प्रमुख आयाम मतदाता जागरूकता अभियान भी रहा। डॉ. श्वेता रानी और सह-प्रभारी डॉ. अनामिका के मार्गदर्शन में स्वयंसेविकाओं ने ग्रामीणों से संवाद किया और आगामी ग्राम पंचायत चुनाव में अपने मत का उपयोग करने के महत्व से अवगत कराया। ग्राम सर्वेक्षण के दौरान गाँव में चल रही गंदगी, स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और कूड़ा निस्तारण जैसी समस्याओं की चर्चा करते हुए इनके स्थायी समाधान हेतु ‘सही वोट से सही प्रतिनिधि का चुनाव’ को एक कारगर माध्यम बताया। साथ ही, ग्रामीणों को ठोस कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण के उपायों से भी अवगत कराया गया।

 

मीडिया प्रभारी डॉ. प्रीति सिंह ने बताया कि इस सफल आयोजन में विद्यालय की मुख्य अध्यापिका श्रीमती लक्ष्मी तिवारी, स्वयंसेविकाएँ दिव्यांक्षी शर्मा, अदिति ओझा, नंदिका श्रीवास्तव, कोमल दिवाकर, मन्तशा तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी श्री हरिनारायण ने विशेष योगदान दिया। शिविर में ग्रामीणों तथा विद्यालय स्टाफ का भी उत्साहपूर्ण सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *