कानपुर में शेयर बाजार में 14 लाख डूबे, व्यापारी ने जान दी
कानपुर। आर्थिक तनाव में सुसाइड की एक और दुखद घटना सामने आई है। शेयर बाजार में भारी नुकसान के बाद मानसिक दबाव से जूझ रहे एक स्क्रैप व्यापारी ने सुसाइड कर लिया। मामला किदवई नगर और पनकी क्षेत्र से जुड़ा है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय संजय कुमार त्रिपाठी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बांदा जिले के अतर्रा क्षेत्र के निवासी थे और वर्तमान में किदवई नगर ई-ब्लॉक में पत्नी लक्ष्मी, दो वर्षीय बेटे राघव, पिता भरत लाल और छोटे भाई राहुल के साथ रहते थे। संजय स्क्रैप की खरीद–फरोख्त का काम करते थे।
परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले पिता ने गांव की जमीन का एक प्लॉट बेचा था। इस रकम से जमीन खरीदने और परिवार की स्थिति मजबूत करने की योजना थी। इसी उद्देश्य से करीब 12 से 14 लाख रुपये संजय के खाते में डाले गए थे। लेकिन संजय ने यह राशि धीरे-धीरे शेयर बाजार में निवेश कर दी। बाजार में लगातार नुकसान हुआ और पूरी रकम डूब गई।
बताया जा रहा है कि नुकसान के बाद से संजय काफी तनाव में रहने लगे थे। वह चुपचाप रहते थे और परिवार से भी कम बातचीत करने लगे थे। शुक्रवार को वह पनकी यार्ड निवासी अपने दोस्त धर्मेंद्र के घर गए। वहां दोनों ने साथ में खाना बनाया और खाया। इसके बाद दोस्त ड्यूटी पर चला गया।
शाम को जब दोस्त घर लौटा तो संजय की मौत की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान संजय की जेब से एक पर्ची मिली, जिसमें आर्थिक नुकसान का जिक्र था और अपनी स्थिति के लिए खुद को जिम्मेदार बताया गया था।
पनकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को संकलित किया जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि आर्थिक दबाव और जोखिम भरे निवेश के बीच मानसिक तनाव को समय रहते पहचानना और सहयोग देना कितना जरूरी है।
