*भाजपा मोर्चा–प्रकोष्ठ–विभाग के कार्यकर्ता भी करेंगे प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का भव्य स्वागत*
कानपुर 20 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम कानपुर आगमन को ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बनाने के उद्देश्य से भाजपा कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र के मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं विभागों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की।
बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने निर्णय लिया कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत में भाजपा के सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं विभाग पूरी सक्रियता के साथ सहभाग करेंगे। इस अवसर पर स्वागत को “भव्य एवं दिव्य” स्वरूप प्रदान करने हेतु व्यापक कार्ययोजना तय की गई।
बैठक में यह तय हुआ कि कल से सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ एवं विभाग मार्ग के समीप निवास करने वाले प्रत्येक सनातनी परिवार को पीले चावल देकर प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत समारोह में आमंत्रित करेंगे, जिससे जन–जन की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
इसके साथ ही भाजपा का स्वच्छता विभाग संपूर्ण स्वागत मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश देगा। मछुवारा प्रकोष्ठ एवं नमामि गंगे प्रकोष्ठ द्वारा जाजमऊ पुल के नीचे गंगा तट से केसरिया गुब्बारे उड़ाकर प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया जाएगा।
विधि प्रकोष्ठ से जुड़े सभी अधिवक्ता गण बड़े चौराहे पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का स्वागत करेंगे। वहीं व्यापार मंडल, अचल गुप्ता के नेतृत्व में केसरिया पगड़ी धारण कर तोप द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत करेगा।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का प्रथम कानपुर आगमन ऐतिहासिक बनाया जाएगा और इसमें भाजपा के सभी मोर्चा, प्रकोष्ठ, विभाग एवं कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ सहभागी बनेंगे।
बैठक में अनीता गुप्ता सुनील तिवारी दीप अवस्थी श्रीकृष्ण दीक्षित संजीव पाठक सतेंद्र मिश्र अशोक मिश्रा विनोद गुप्ता संदीप ठाकुर कल्लू मिश्र आलोक मिश्रा सहित विभिन्न मोर्चा–प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
