सेंट्रल पर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
कानपुर। सेंट्रल स्टेशन परिसर में आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 23 किलो 785 ग्राम गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
गुरुवार को आर पी एफ निरीक्षक कानपुर सेंट्रल एस.एन. पाटीदार और जीआरपी कानपुर के निरीक्षक ओमनारायण सिंह के नेतृत्व में आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान हैरिसगंज पुल के पास तीन युवक पीठ पर पिठ्ठू बैग लादे संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए।
टीम द्वारा रोके जाने पर तीनों घबरा गए। संदेह गहराने पर जब बैग की तलाशी ली गई तो उनमें टेप से सील किए गए 22 बंडल बरामद हुए। जांच में सभी बंडलों में गांजा पाया गया, जिसका कुल वजन 23 किलो 785 ग्राम निकला। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान शिवम सिंह चौहान निवासी कन्नौज, कोमल सिंह निवासी पटना (बिहार) और शंभू दयाल चौहान निवासी कन्नौज (बिहार) के रूप में बताई।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा राज्य से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर उसे रेलवे के माध्यम से अलीगढ़, टूंडला और मथुरा ले जाकर बेचते थे। तीनों को जीआरपी थाने ले जाकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
