कानपुर नगर।

 

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) प्रारंभिक परीक्षा–2025 के अंतर्गत जनपद कानपुर नगर में परीक्षाओं का आयोजन दिनांक 24 एवं 25 जनवरी 2026 को निर्धारित 33 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।

 

समन्वयी पर्यवेक्षक, कानपुर नगर शीश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि दिनांक 24 जनवरी 2026 को प्रथम सत्र में पूर्वाह्न 09:00 बजे से 11:00 बजे तक कला विषय तथा द्वितीय सत्र में अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक कृषि/उद्यानकर्म विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में दिनांक 25 जनवरी 2026 को प्रथम सत्र में पूर्वाह्न 09:00 बजे से 11:00 बजे तक उर्दू विषय तथा द्वितीय सत्र में अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संगीत विषय की परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।

 

प्रथम सत्र के अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पूर्वाह्न 07:30 बजे से पूर्वाह्न 08:15 बजे तक तथा द्वितीय सत्र के अभ्यर्थियों का प्रवेश अपराह्न 01:30 बजे से अपराह्न 02:15 बजे तक किया जाएगा। निर्धारित समय के पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

 

सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर ई-प्रवेश पत्र के साथ दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो एवं मूल पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा। पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा केंद्र अथवा राज्य सरकार द्वारा जारी वैध फोटोयुक्त पहचान पत्र मान्य होगा। साथ ही उसकी एक छायाप्रति भी लाना आवश्यक होगा।

परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, स्मार्ट वॉच, स्लाइड रूल सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सादे कागज, कॉपी, किताबें, नोट्स, पत्रिकाएं, खाद्य सामग्री एवं गुटखा आदि पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा प्रारंभ होने के बाद यदि किसी अभ्यर्थी के पास निषिद्ध सामग्री पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 318(4) सहित अन्य सुसंगत धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम–2024 के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना एवं आजीवन कारावास तक का प्रावधान है।

 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फोटोयुक्त उपस्थिति पत्रक एवं उत्तर पत्रक (ओएमआर) में समस्त प्रविष्टियां केवल काले बॉल प्वाइंट पेन से ही भरी जाएंगी। अन्य किसी भी प्रकार के पेन अथवा पेंसिल का प्रयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *