नेशनल रोड सेफ्टी मंथ के तहत एयर सेल्स कॉर्पोरेशन कानपुर नगर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान
नेशनल रोड सेफ्टी मंथ के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) केंद्र एयर सेल्स कॉर्पोरेशन, कानपुर नगर में उदघोष फाउंडेशन के सहयोग से एक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।
इस अभियान के दौरान दोपहिया वाहन, तिपहिया वाहन, साइकिल, रिक्शा एवं ई-रिक्शा चालकों को रोककर उनके वाहनों के आगे एवं पीछे रिफ्लेक्टिव टेप लगाए गए। साथ ही चालकों को रिफ्लेक्टिव टेप के महत्व के बारे में जानकारी दी गई, जिससे रात के समय या कम रोशनी में वाहन दूर से ही दिखाई दें और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
उदघोष फाउंडेशन की टीम द्वारा वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई और यह भी समझाया गया कि यातायात नियमों का पालन न करना, हेलमेट या अन्य सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग न करना, तथा खराब लाइट, ब्रेक, इंडिकेटर या टायर वाले वाहन चलाना न केवल चालक के जीवन के लिए खतरा है बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को भी प्रभावित करता है।
अभियान के दौरान वाहन को सड़क पर चलाने योग्य स्थिति में रखने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। चालकों को बताया गया कि समय-समय पर वाहन की फिटनेस जांच, लाइट, ब्रेक, टायर और रिफ्लेक्टर की जांच न करने से दुर्घटनाओं के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।
इस जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वाहन चालकों और आम नागरिकों ने भाग लिया। कई चालकों ने भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने वाहन को सुरक्षित स्थिति में रखने का संकल्प लिया।
