बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने 1000 गरीब बच्चों को स्कूल बैग देने का लिया संकल्प
बिल्हौर (कानपुर नगर)। समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए बिल्हौर विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने अपने निजी संसाधनों से विधानसभा क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले 1000 गरीब बच्चों को स्कूल बैग वितरित करने का संकल्प लिया है।इस जनकल्याणकारी अभियान की शुरुआत सोमवार को शिवराजपुर ब्लॉक के चेतपुरवा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय से की गई, जहाँ अध्ययनरत 70 बच्चों को निःशुल्क स्कूल बैग वितरित किए गए। बैग पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की झलक साफ दिखाई दी।इस अवसर पर विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने कहा कि “संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे की पढ़ाई न रुके, यही मेरा संकल्प है। शिक्षा ही सशक्त समाज की नींव है और जरूरतमंद बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही मेरे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है।”उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते समाज के हर बच्चे को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ाया जा सके।कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
