ताले की सज़ा एफआईआर! आशा बहुओं ने इंसाफ के लिए ठोंका दरवाज़ा
बिल्हौर व शिवराजपुर में दर्ज एफआईआर को वापस लेने की मांग
बिल्हौर सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
बिल्हौर (कानपुर नगर)। उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर बिल्हौर और शिवराजपुर क्षेत्र की आशा बहू कार्यकत्रियों ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों के विरोध में सहायक पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट बिल्हौर के कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। कार्यकत्रियों ने मांग की कि वैक्सीन से जुड़े शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के दौरान दर्ज किए गए सभी मुकदमों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।आशा बहुओं ने बताया कि 13 जनवरी को बिल्हौर व शिवराजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद बिल्हौर थाना व शिवराजपुर थाने में धर्मेन्द्र राजपूत एवं डॉ. दिलीप कुमार, अधीक्षक शिवराजपुर की शिकायत पर उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए गए। इसकी जानकारी उन्हें समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से मिली।आशा बहुओं का कहना है कि उन्होंने किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं फैलाई और पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी, इसके बावजूद उन पर मुकदमे दर्ज कर दिए गए, जो न्याय के विपरीत है। उन्होंने सहायक पुलिस आयुक्त से हस्तक्षेप कर सभी मामलों को समाप्त कराने की मांग की।ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष आशा कुश्वाहा, सचिव रेखा देवी, ब्लॉक अध्यक्ष सपना तिवारी सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं। सभी ने एक स्वर में कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
