नव मतदाता दिवस पर भाजपा नवीन मार्केट कार्यालय में हुआ भव्य आयोजन
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नव मतदाता युवाओं को सौंपा तिरंगा, बताया भारत का भविष्य
कानपुर नव मतदाता दिवस एवं गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी के नवीन मार्केट स्थित कार्यालय में युवा मतदाताओं के सम्मान एवं प्रोत्साहन हेतु भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नव मतदाता बने युवाओं को भारत की शान तिरंगा सौंपकर उन्हें लोकतंत्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अगुवाई में संपन्न हुआ, जिसमें भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, सांसद रमेश अवस्थी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नव मतदाता युवाओं की सहभागिता रही, जिनमें खासा उत्साह और जोश देखने को मिला।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि युवा मतदाता ही भारत का वर्तमान और भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं को न केवल अवसर दे रही है, बल्कि उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी भी सौंप रही है। आज का युवा आत्मनिर्भर, जागरूक और राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि यही युवा मतदाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मतदान को अपना अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य समझें और राष्ट्रहित में सदैव सक्रिय रहें।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि भाजपा हमेशा से युवाओं को आगे बढ़ाने और नेतृत्व देने वाली पार्टी रही है। सांसद रमेश अवस्थी ने नव मतदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सोच से देश नई ऊंचाइयों को छुएगा।भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान युवा मतदाताओं ने “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों के साथ देशभक्ति का परिचय दिया। आयोजन का समापन राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को और मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवांग मिश्रा, अभिमन्यु सक्सेना अंकित मिश्रा सहित युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
