कानपुर; दिनांकः 31.01.2026
कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 (आईआईटी – नौबस्ता) के शेष बचे हुए सेक्शन (कानपुर सेंट्रल – नौबस्ता) के अंतर्गत लगभग 3 किमी लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन (कानपुर सेंट्रल – स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प) की ‘अप-लाइन टनल’ में ट्रैक निर्माण का कार्य आज पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही अब कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक ‘अप-लाइन‘ ट्रैक पूरी तरह बनकर तैयार है और आने वाले दिनों में इसपर मेट्रो ट्रेन की टेस्टिंग प्रक्रिया आरंभ की जा सकती है।
विदित हो कि कॉरिडोर-1 के लगभग 8 किमी लंबे शेष सेक्शन में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक कुल 7 स्टेशन आते हैं। इनमें से लगभग 3 किमी हिस्सा (कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प तक) अंडरग्राउंड और लगभग 5.30 किमी हिस्सा (बारादेवी से नौबस्ता तक) एलिवेटेड है। बारादेवी से नौबस्ता तक लगभग 5.30 किमी लंबे एलिवेटेड सेक्शन में ट्रैक निर्माण कार्य अक्टूबर 2025 में पूरा किया जा चुका है। उक्त एलिवेटेड सेक्शन की दोनों लाइनों (’अप-लाइन’ और ’डाउनलाइन’) पर ट्रैक निर्माण के साथ-साथ थर्ड रेल और सिग्नलिंग उपकरणों के इंस्टॉलेशन का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
एलिवेटेड सेक्शन पर ट्रैक निर्माण पूरा करने के बाद लगभग 3 किमी लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन के ‘अप-लाइन टनल‘ में ट्रैक निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसे आज पूरा कर लिया गया। ट्रैक निर्माण के दौरान पहले स्वदेशी कॉटन मिल के निकट स्थित रैम्प से 18 मीटर लंबी रेल पटरियों एवं फ्लैश बट वेल्डिंग प्लांट को टनल में उतारकर वेल्डिंग प्रक्रिया की शुरुआत की गई थी। पटरियों की वेल्डिंग के बाद निश्चित अंतराल पर ट्रैक स्लैब की ढलाई का कार्य पूरा किया गया। ट्रैक निर्माण के समानांतर ही उक्त टनल में थर्ड रेल इंस्टॉल करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही थी, जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा होते ही अगले कुछ दिनों में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक ‘अप-लाइन‘ पर मेट्रो ट्रेनों की टेस्टिंग प्रक्रिया आरंभ कर दी जाएगी।
