एम.एच.एम पब्लिक स्कूल में भव्य आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन

 

कानपुर | कला प्रतियोगिता
कानपुर स्थित एम.एच.एम पब्लिक स्कूल आवास विकास हंसपुरम नौबस्ता कानपुर द्वारा विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु एक भव्य आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कानपुर शहर के 25 प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति से सभी को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों को “यूनिटी इन डायवर्सिटी”, “इंडिया इन 2047”, “वूमेन एंपावरमेंट” तथा “फेस्टिवल ऑफ इंडिया” जैसे समसामयिक और राष्ट्रीय महत्व के विषय प्रदान किए गए। इन विषयों पर बच्चों ने रंगों, कल्पनाशीलता और संदेशात्मक कला के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता, भावी भारत की परिकल्पना, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक एकता को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चंद्र शेखर आज़ाद कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व रजिस्ट्रार नौशाद खान रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में एन यू इंटर कॉलेज के प्रबंधक आरिफ मार्टिन, सिराज हाशिम, अतीक अहमद एवं राज कुमार पाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शित कलाकृतियों का अवलोकन कर विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।निर्णायक मंडल द्वारा निष्पक्ष मूल्यांकन के उपरांत विजेताओं की घोषणा की गई—
प्रथम पुरस्कार: इशिका निर्मल (कक्षा 9, केंद्रीय विद्यालय) को ₹2100 नगद
द्वितीय पुरस्कार: आयत इरशाद (कक्षा 3, पेगासस स्कूल) को ₹1100 नगद
तृतीय पुरस्कार: सायमा शेख (कक्षा 9, वीरेंद्र स्वरूप स्कूल) को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अशफ़ाक सिद्दीकी ने मंच से सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन नियमित रूप से कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण, स्मृति चिन्ह प्रदान करने एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *