कानपुर; दिनांकः 03.02.2026
अप-लाइन’ पर कल से नौबस्ता तक कानपुर मेट्रो का टेस्ट रन होगा आरंभ
थर्ड रेल को किया गया चार्ज, सिग्नलिंग उपकरण का इंस्टॉलेशन भी पूरा
कानपुर मेट्रो द्वारा कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक ‘अप-लाइन’ पर मेट्रो ट्रेनों के संचालन के लिए कल से टेस्ट रन प्रक्रिया की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए कॉरिडोर-1 के लगभग 8 किमी लंबे शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल-नौबस्ता) की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उक्त सेक्शन के ‘अप-लाइन’ पर ट्रैक निर्माण, थर्ड रेल इंस्टॉलेशन तथा सिग्नलिंग उपकरणों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। आज इस सेक्शन में स्थापित थर्ड रेल को पहली बार चार्ज कर दिया गया है, जिसके बाद इस सिस्टम में करंट सप्लाई को निरंतर चालू माना जाएगा।
कानपुर मेट्रो ट्रेन कल पहली बार टेस्ट रन के दौरान अप-लाइन’ पर कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता स्टेशन तक पहुंचेगी। इसके साथ ही तीसरे चरण में नौबस्ता तक यात्री सेवाओं के विस्तार से पूर्व मेट्रो ट्रेनों की टेस्टिंग प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। टेस्ट रन के दौरान ट्रेन को ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) मोड में कम गति पर चलाकर ट्रैक, पावर सप्लाई, सिग्नलिंग तथा विभिन्न तकनीकी इंटरफेसों की कार्यक्षमता को परखा जाएगा।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा, “कानपुर मेट्रो ने निर्माण के दौरान विभिन्न चुनौतियों को पार करते हुए शहर के इतिहास में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। टेस्ट रन की शुरुआत के साथ ही कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवा विस्तार की तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। शीघ्र ही सभी स्टेशनों पर फिनिशिंग और सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा और शहरवासियों को आईआईटी से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा की सौगात मिलेगी।
गौरतलब है कि लगभग 24 किमी लंबे कॉरिडोर-1
(आईआईटी-नौबस्ता) पर वर्तमान में लगभग 16 किमी (आईआईटी-कानपुर सेंट्रल) तक यात्री सेवाएं संचालित हैं। कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन (कानपुर सेंट्रल – नौबस्ता) के साथ-साथ लगभग 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए – बर्रा-8) का सिविल निर्माण कार्य भी तीव्र गति से जारी है।
