आज से नौबस्ता तक कानपुर मेट्रो का टेस्ट रन शुरू

 

कानपुर मेट्रो द्वारा कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक ‘अप-लाइन’ पर मेट्रो ट्रेनों के संचालन के लिए आज से टेस्ट रन की शुरुआत कर दी गई। कॉरिडोर-1 के लगभग 8 किलोमीटर लंबे शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल–नौबस्ता) पर सभी आवश्यक तकनीकी तैयारियां पूरी होने के बाद यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

 

इस सेक्शन में ट्रैक निर्माण, थर्ड रेल इंस्टॉलेशन और सिग्नलिंग सिस्टम का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। आज थर्ड रेल को पहली बार चार्ज किया गया, जिसके साथ ही विद्युत आपूर्ति प्रणाली को सक्रिय कर दिया गया। टेस्ट रन के दौरान मेट्रो ट्रेन ने ‘अप-लाइन’ पर कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता स्टेशन तक सफल यात्रा की।

 

परीक्षण के दौरान ट्रेन को ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) मोड में कम गति पर चलाया जा रहा है, ताकि ट्रैक, पावर सप्लाई, सिग्नलिंग सिस्टम और अन्य तकनीकी इंटरफेस की कार्यक्षमता की जांच की जा सके। यह प्रक्रिया यात्री सेवाओं की सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 

यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि टेस्ट रन की शुरुआत के साथ ही कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा विस्तार की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शीघ्र ही सभी स्टेशनों पर फिनिशिंग और सिस्टम इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

 

उल्लेखनीय है कि कॉरिडोर-1 (आईआईटी–नौबस्ता) की कुल लंबाई लगभग 24 किलोमीटर है, जिसमें वर्तमान में 16 किलोमीटर तक यात्री सेवाएं संचालित हो रही हैं। नौबस्ता तक विस्तार से शहरवासियों को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *