होटल व्यवसायियों को सुरक्षित माहौल देने पर जोर, पुलिस आयुक्त ने की गोष्ठी

 

कानपुर में होटल संचालकों के साथ बैठक, साइबर अपराध व सुरक्षा उपायों पर दिए दिशा-निर्देश

 

कानपुर नगर में होटल एवं आतिथ्य व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने की। इस दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त विनोद कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त दिनेश त्रिपाठी, अपर पुलिस उपायुक्त (अभिसूचना) महेश कुमार व स्टाफ ऑफिसर अमरनाथ यादव मौजूद रहे।

 

पुलिस आयुक्त ने होटल व्यवसायियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने अज्ञात कॉल, ई-मेल, लिंक व ओटीपी साझा न करने की सलाह दी और साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल 1930 पर सूचना देने को कहा।

 

उन्होंने होटल संचालकों से स्टाफ का पुलिस सत्यापन, सीसीटीवी कैमरे लगाने, देर रात आयोजनों में महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने, पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने और विदेशी नागरिकों की जानकारी पुलिस को देने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अवैध हुक्का बार, नशे और असामाजिक तत्वों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए।

 

गोष्ठी में कारोबारियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान का पुलिस आयुक्त ने संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *