दिन में मेहनत-मजदूरी और रात होते ही सट्टेबाजी का अवैध कारोबार
कानपुर नगर
काकादेव इलाके में चल रहे इसी दोहरे खेल पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच और काकादेव थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छपेडा पुलिया क्षेत्र में दबिश देकर सट्टा खिलाने वाले चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस को सुबह के वक्त पुख्ता सूचना मिली थी कि कुछ लोग संगठित गिरोह बनाकर सट्टा खिलाने का काम कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए इलाके की घेराबंदी की और छापेमारी कर चार लोगों को दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से 25 हजार रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल सट्टे के लेन-देन में किया जा रहा था।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपी बाहर से आम कारोबारी नजर आते थे—कोई गैस सिलेंडर सप्लाई करता था तो कोई सब्जी बेचने का काम करता था, लेकिन पर्दे के पीछे ये लोग सट्टे के नेटवर्क को चला रहे थे।
पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति रोजाना करीब 5 हजार रुपये का सट्टा लगाता था और इस अवैध खेल में प्रतिदिन लगभग 300 लोग पैसा लगा रहे थे। एडीसीपी सुमित रामटेके ने बताया कि शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि काकादेव, रावतपुर और आसपास के इलाकों में सट्टेबाजी के तीन से चार गिरोह सक्रिय हैं, जिनका जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही है और सट्टेबाजी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है!
