S.I.R. पर भ्रम फैलाकर घुसपैठियों को बचाने की साजिश कर रहा विपक्ष : प्रकाश पाल

 

कानपुर गहन मतदाता पुनरीक्षण (S.I.R.) को लेकर विपक्ष पर बड़ा हमला बोलते हुए भाजपा के कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर मुस्लिम समाज को गुमराह करने तथा घुसपैठियों को बचाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह वही राजनीति है, जो पहले नागरिक संशोधन अधिनियम (CAA) के दौरान देखने को मिली थी।

प्रकाश पाल ने कहा कि CAA के समय यह झूठ फैलाया गया था कि लोगों की नागरिकता छिन जाएगी और अब उसी तर्ज पर S.I.R. को लेकर यह अफवाह उड़ाई जा रही है कि वोट काटे जा रहे हैं।उन्होंने दो टूक कहा “S.I.R. का साफ़ मतलब है कि मतदाता सूची में सिर्फ इंडियन रहेंगे। यदि कोई भारतीय है, तो उसे डरने की कोई जरूरत नहीं है।”

उन्होंने सवाल उठाया कि जब यह प्रक्रिया लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए है, तो फिर राहुल गांधी, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी जैसे नेताओं को इससे तकलीफ क्यों हो रही है।

प्रकाश पाल ने कहा,

“यह पूरा ड्रामा उत्तर प्रदेश में इसलिए किया जा रहा है ताकि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को संरक्षण दिया जा सके। विपक्ष बार-बार घुसपैठियों का ढाल बनकर सामने आ रहा है।”

प्रकाश पाल ने आगे कहा कि कानपुर जैसे संवेदनशील शहर में कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने कहा,“रक्षा भूमि की जमीन पर, जाजमऊ में राजा ययाति के किले के आसपास, सड़क किनारे और हिंदू कब्रिस्तानों में अवैध रूप से रह रहे लोग आखिर मतदाता कैसे बन गए? यह लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।”क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने समाजवादी पार्टी पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि “कानपुर में सपा विधायक पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के इशारे पर फर्जी आरोप लगाकर अवैध रूप से रह रहे लोगों और घुसपैठियों को बचाने के लिए मुस्लिम समाज को गुमराह कर रहे हैं।”

भाजपा नेतृत्व स्पष्ट कर चुका है कि S.I.R. किसी भी धर्म या समाज के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह मतदाता सूची की शुद्धता और देश की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। पार्टी ने आम जनता से अपील की है कि विपक्ष के भ्रामक प्रचार में न आएं और लोकतंत्र को मजबूत करने वाली इस प्रक्रिया में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *