कानपुर
कानपुर महाराणा प्रताप कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन जारी, मांगें पूरी न होने पर गेट पर नारेबाजी
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित महाराणा प्रताप कॉलेज में छात्रों का विरोध प्रदर्शन एक बार फिर तेज हो गया। छात्र-छात्राओं ने अपनी मांगें पूरी न होने पर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने लेट फीस खत्म करने और शिक्षकों द्वारा कथित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, छात्रों का आरोप है कि कॉलेज देर से पहुंचने पर भारी लेट फीस वसूल रहा है, जिसे समाप्त करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। साथ ही कुछ छात्रों ने शिक्षकों पर अनुचित व्यवहार और दबाव बनाने के आरोप भी लगाए। मांगों पर कोई ठोस निर्णय न होने से नाराज़ छात्र-छात्राएं गेट पर एकत्र होकर विरोध जताने लगे।बताया जा रहा है कि जब छात्र कॉलेज पहुंचे तो गेट बंद मिला, जिससे आक्रोश और बढ़ गया। इस दौरान छात्रों ने “पुलिस को आगे करता, एमपीजीआई डरता है” जैसे नारे लगाते हुए प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। हालांकि कॉलेज प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।स्थति को देखते हुए मौके पर संबंधित जोन के अधिकारी, थाना पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है।
फिलहाल कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और प्रशासन व छात्रों के बीच बातचीत की संभावना जताई जा रही है।
