*कानपुर ईसाई समुदाय ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की*
कानपुर। यूनाइटेड क्रिश्चियन कमेटी कानपुर और पास्टर्स एसोसिएशन ने आगामी पवित्र रोजे (उपवास) और ईस्टर पर्व के दौरान सुरक्षा प्रदान करने की मांग करते हुए शहर के पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है।
समिति ने ज्ञापन में कहा कि 18 फरवरी से शुरू होकर 40 दिन तक चलने वाले रोजे के दौरान प्रतिदिन विभिन्न थाना क्षेत्रों में ईसाई परिवारों के घरों में प्रार्थना सभाएं होंगी। उन्होंने शिकायत की कि पिछले कुछ वर्षों में कुछ असामाजिक तत्वों ने इन सभाओं में व्यवधान डालने और झूठे आरोप लगाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया है।
समिति ने तीन अप्रैल को गुड फ्राइडे और पांच अप्रैल को ईस्टर की आराधनाओं तथा पिछले 60 वर्षों से आयोजित हो रही ‘यूनाइटेड ईस्टर डॉन सर्विस’ के दौरान भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित थानों को निर्देश देने का अनुरोध किया है।
