शराब के नशे में पति ने पत्नी की सरिया से हत्या की, कर्रही गांव में सनसनी वारदात के बाद घर के बाहर बैठा मिला आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

 

कानपुर

 

कानपुर के साउथ जोन के थाना बर्रा क्षेत्र के कर्रही गांव में रविवार को घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां नशे में धुत एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बर्रा पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार आरोपी पति ने लोहे की सरिया से पत्नी के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार नहीं हुआ, बल्कि घर के बाहर ही बैठा रहा।स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।घटनास्थल से पुलिस ने आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और शराब के नशे में वारदात को अंजाम देने की बात सामने आ रही है, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।बताया जा रहा है कि मृतका के दो बच्चे हैं, जो बाहर नौकरी करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और टीम को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।फिलहाल मामले में तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *